Rampur Kosi River Youth Drowned: रामपुर में कोसी नदी में नहाने गया युवक डूबा, गोताखोरों ने शुरू किया तलाश अभियान
- रिपोर्ट : शाहबाज़ खान
Rampur Kosi River Youth Drowned: गणेश प्रतिमा विसर्जन से पहले कोसी नदी में नहाने पहुंचे एक युवक के डूबने से हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से नदी में युवक की तलाश शुरू कराई। देर तक तलाश के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।
साथियों के साथ कोसी नदी घाट पर पहुंचा था युवक
बताया गया कि पनवड़िया निवासी राजपाल पुत्र महिपाल (35) शराब फैक्ट्री में मजदूरी करता था। मंगलवार को वह अपने कुछ साथियों के साथ कोसी नदी के घाट पर पहुंचा था। वहां कुछ लोग नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान राजपाल भी नदी में उतर गया।
नहाते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में चला गया। नदी में तेज बहाव होने के कारण वह देखते ही देखते पानी में डूब गया।
पुलिस और गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
राजपाल के नदी में डूबने की जानकारी उसके साथियों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाकर नदी में तलाश अभियान शुरू कराया गया। काफी प्रयास के बाद भी देर तक युवक का पता नहीं चल सका।
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि युवक अपने दोस्तों के साथ कोसी नदी पर गया था और नदी में उतरने के दौरान गहरे पानी में डूब गया। पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही है। फिलहाल युवक के संबंध में कोई पुष्टि नहीं हुई है और तलाश अभियान जारी है।
