Rampur Shahabad Car Theft: शाहबाद में बेखौफ बदमाशों का दुस्साहस: घर के बाहर खड़ी सैंट्रो कार उड़ा ले गए चोर
सुबह 3 बजे वारदात को अंजाम देकर सफेद कार से हुए फरार, चोरी का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
Rampur Shahabad Car Theft: रामपुर की तहसील शाहबाद कस्बे के मोहल्ला फरोशान में शातिर चोरों ने तड़के एक कार पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने घटना की लिखित तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। चोरी की यह पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला फरोशान निवासी सरताज अहमद (पुत्र छोटे) अपने मित्र की सैंट्रो कार (UP22 BC4797) का उपयोग करते हैं और उसे रोजाना की तरह अपने घर के सामने पार्क करते थे।

सोमवार सुबह करीब 3:00 बजे जब सरताज सोकर उठे, तो देखा कि कार अपनी जगह से गायब थी। कार न मिलने पर पीड़ित ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर पता चला कि एक अज्ञात सफेद रंग की कार में सवार होकर दो शातिर चोर आए थे। उन्होंने चंद मिनटों में सैंट्रो कार का लॉक खोला और वाहन लेकर फरार हो गए।
पीड़ित सरताज अहमद ने कोतवाली शाहबाद के प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग की है। पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपते हुए कार की जल्द बरामदगी और चोरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
