Rampur Youth: रजा पीजी कॉलेज में गूंजा नशामुक्त युवा का संकल्प, 200 से अधिक युवाओं ने ली शपथ
Rampur Youth Take Pledge: रामपुर के रजा पीजी कॉलेज में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत कार्यक्रम हुआ। 200 से अधिक युवाओं ने नशामुक्त भारत की शपथ ली और जागरूकता अभियान में हिस्सा लिया।
Drug Free Rampur Youth: सेवा संकल्प अभियान के तहत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत रामपुर के तत्वावधान में रजा पीजी कॉलेज में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत जागरूकता, शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की प्राचार्या डॉ. जागृति मदान ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद युवाओं ने स्लोगन लेखन के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के खिलाफ अपने विचार व्यक्त किए।
नुक्कड़ नाटक के जरिए नशे से दूर रहने का संदेश
कार्यक्रम में कवच टीम ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। नाटक के माध्यम से बताया गया कि शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक सोच युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस दौरान युवाओं के साथ संवाद भी किया गया। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ इसमें हिस्सा लेते हुए नशे की रोकथाम और इससे होने वाले सामाजिक नुकसान को लेकर अपने विचार साझा किए।
यह भी पढ़ें- Rampur में दशलक्षण महापर्व के पांचवें दिन उत्तम सत्य धर्म की आराधना, मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
नशामुक्त जीवनशैली को बताया जरूरी
कार्यक्रम में युवाओं से नशामुक्त रहकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के संदेश पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि देश की युवा शक्ति विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसके लिए स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और नशामुक्त जीवनशैली जरूरी है।
जिला युवा अधिकारी मीनू बोहरा एवं प्राचार्या डॉ. जागृति मदान ने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।
200 से अधिक युवाओं ने ली नशामुक्त भारत की शपथ
कार्यक्रम के दौरान 200 से अधिक युवाओं एवं प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य युवाओं को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का संकल्प लिया।
प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज के आचार्य प्रमोद कुमार तथा माय भारत स्वयंसेवक निधि, अंकित, अमन, मनु एवं अभिषेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
