परमानंद बने चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष
• चतरा में सर्वसम्मति से हुआ पदाधिकारियों का निर्वाचन, कर्मचारी हितों के लिए संघर्ष का लिया संकल्प
चतरा(सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ विकासखंड चतरा के कर्मचारियों की बैठक में संगठन की नई ब्लॉक कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से निर्वाचन किया गया। इसमें परमानंद को ब्लॉक अध्यक्ष, साल्वांत राव को ब्लॉक मंत्री, ब्रजराज को कोषाध्यक्ष, तेजबली को संगठन मंत्री तथा लक्ष्मण मौर्य को संयुक्त मंत्री निर्वाचित किया गया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष राजाराम दुबे, जिला मंत्री लल्लू प्रसाद, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश चौधरी, जिला कार्यवाहक अध्यक्ष गोपाल जी तथा सफाई कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रबली सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शपथ लेते हुए संगठन के प्रति ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। कर्मचारी नेताओं ने पुरानी पेंशन बहाली, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती शुरू करने और आठवें वेतन आयोग सहित अन्य मांगों को लेकर संवाद एवं संघर्ष जारी रखने की बात कही। राजाराम दुबे और लल्लू प्रसाद ने कर्मचारियों से अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करने तथा सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं राकेश चौधरी और गोपाल जी ने चतुर्थ श्रेणी भर्ती शुरू करने एवं पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग उठाई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का चंद्रबली सिंह ने माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
