रामपुर में मंडलायुक्त संगीता सिंह ने विकास परियोजनाओं का किया निरीक्षण, सद्भावना मंडप जल्द शुरू कराने के निर्देश

Rampur Development Projects: मंडलायुक्त संगीता सिंह ने गुरुवार को जनपद में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली दो प्रमुख विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सद्भावना मंडप (सांस्कृतिक सद्भावना केंद्र) और पुलिस लाइन स्थित जी+12 ट्रांजिट हॉस्टल के निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

92 करोड़ के सद्भावना मंडप को जल्द शुरू कराने के निर्देश

मंडलायुक्त ने करीब 92 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सद्भावना मंडप का निरीक्षण करते हुए इसे जल्द से जल्द कार्यशील कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी गाइडलाइन या अन्य प्रावधान के कारण केंद्र के संचालन में कोई बाधा आ रही है तो संबंधित स्तर पर पत्राचार कर उसका समाधान कराया जाए, ताकि परियोजना का शीघ्र उपयोग शुरू हो सके।

इसके साथ ही उन्होंने सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

ट्रांजिट हॉस्टल में मिली कमियां, तत्काल सुधार के निर्देश

पुलिस लाइन में 27.34 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित लागत से निर्माणाधीन जी+12 ट्रांजिट हॉस्टल का भी मंडलायुक्त ने निरीक्षण किया। इस दौरान भवन के कुछ हिस्सों में पुट्टी निकलने और निर्माण सामग्री के मानकों से संबंधित कमियां सामने आईं।

मंडलायुक्त संगीता सिंह ने संबंधित अधिकारियों को कमियों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगणन के अनुसार निर्धारित गुणवत्ता वाली निर्माण सामग्री का ही इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता न करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

  • रामपुर विकास प्राधिकरण बोर्ड की 44वीं बैठक में महायोजना-2031 को मंजूरी

रामपुर विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं मंडलायुक्त संगीता सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में रामपुर विकास प्राधिकरण बोर्ड की 44वीं बैठक भी आयोजित हुई। बैठक में जनपद के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में रामपुर विकास प्राधिकरण की महायोजना-2031 के अनुमोदन से संबंधित प्रस्ताव पर चर्चा के बाद बोर्ड ने इसे मंजूरी प्रदान कर दी। मास्टर प्लान के अनुमोदन से रामपुर क्षेत्र में सुनियोजित विकास, बेहतर नियोजन और निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

अवैध निर्माणों पर प्रभावी कार्रवाई पर जोर

बोर्ड की बैठक में अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा पिछली बोर्ड बैठक में 5 मई 2026 को लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन एवं अनुपालन की समीक्षा की गई।

बैठक में उपाध्यक्ष/जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी, सचिव/अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. नितिन मदान, बोर्ड सदस्य आरडीएस जागेश्वर दयाल दीक्षित, काशीराम दिवाकर और मोहनलाल सैनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं शासन द्वारा नामित प्रतिनिधि मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.