रामपुर में रक्तदान शिविर: डिप्लोमा इंजीनियर संघ ने 23 यूनिट रक्तदान कर दिया जनसेवा का संदेश
Rampur: स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशों एवं शासन के आदेशों के अनुपालन में, इंजीनियर्स डे तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में डिप्लोमा इंजीनियर संघ एसोसिएशन द्वारा जिला चिकित्सालय रामपुर के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रक्तदान अभियान का शुभारंभ किया गया, जिसमें संघ के सदस्यों एवं अन्य रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए कुल 23 यूनिट रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर के दौरान रक्तदाताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को ब्लड डोनेशन सर्टिफिकेट के साथ-साथ उत्साहवर्धन के लिए शील्ड भी प्रदान की गईं। इस अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ आमजन को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना और रक्तदान के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।

जिला चिकित्सालय रामपुर की ओर से रक्तदान शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सक्रिय रूप से सहयोग किया। रक्तदान करने के इच्छुक सभी व्यक्तियों की मौके पर ही आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें हीमोग्लोबिन एवं ब्लड प्रेशर की जांच प्रमुख रूप से शामिल रही। जांच के उपरांत योग्य पाए गए रक्तदाताओं से सुरक्षित रूप से रक्त संग्रह किया गया। शिविर में जिला चिकित्सालय की टीम में लैब टेक्नीशियन इकराम, लैब टेक्नीशियन इमरान, लैब असिस्टेंट मोहसिनुल्ला, वार्ड बॉय फारूख, एम्बुलेंस ड्राइवर सत्यम भाटिया, मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रखर चित्रांश, मेडिकल ऑफिसर डॉ. काजल तथा प्रभारी रक्त केंद्र एवं पैथोलॉजिस्ट डॉ. प्रद्योत सिंह उपस्थित रहे। टीम द्वारा रक्तदाताओं की आवश्यक जांच, रक्त संग्रह एवं शिविर की अन्य चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर जिला चिकित्सालय रामपुर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी. सी. सक्सेना ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया तथा रक्तदान शिविर के सफल आयोजन के लिए डिप्लोमा इंजीनियर संघ एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक एवं मानवीय कार्य है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी. सी. सक्सेना ने शिविर के आयोजन में डिप्लोमा इंजीनियर संघ एसोसिएशन को जिला चिकित्सालय की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया तथा रक्तदाताओं को भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन के लिए डिप्लोमा इंजीनियर संघ एसोसिएशन के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक जिला चिकित्सालय रामपुर की चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें मोमेंटो एवं फूलों का गुलदस्ता देकर सम्मानित किया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी. सी. सक्सेना एवं रक्त केंद्र प्रभारी डॉ. प्रद्योत सिंह ने कहा कि आज से शुरू किया गया यह रक्तदान अभियान केवल एक दिवसीय कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शुरू किए गए इस रक्तदान अभियान के अंतर्गत आगे भी निरंतर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा। उन्होंने सभी रक्तदाताओं एवं आमजन से अनुरोध किया कि वे भविष्य में भी बढ़-चढ़कर रक्तदान करें और इस पुनीत जनसेवा के कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशों तथा शासन के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए जनहित, स्वास्थ्य सेवा एवं मानव कल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा। रक्तदान को जन-अभियान का स्वरूप देते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान शिविरों का आयोजन जारी रखा जाएगा।
रामपुर एवं आसपास के जनपदों में स्थित सभी सामाजिक, शैक्षणिक एवं अन्य संस्थाओं से अनुरोध है कि वे स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए स्वयं आगे आएं और इस पुनीत जनसेवा के कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। जिला चिकित्सालय रामपुर सदैव ऐसी संस्थाओं एवं रक्तदाताओं के साथ सहयोग के लिए तत्पर है।
