तलहेटा में मां पीताम्बरा बगलामुखी के 9 दिवसीय महायज्ञ का भव्य शुभारंभ
सिद्धपीठ टिक्की वाले बाबा मंदिर में 22 सितंबर तक चलेगा धार्मिक आयोजन
- रिपोर्ट: जितेन्द्र ठाकुर
गाजियाबाद। मोदीनगर के तलहेटा स्थित सिद्धपीठ टिक्की वाले बाबा मंदिर में मां पीताम्बरा बगलामुखी के 9 दिवसीय महायज्ञ का सोमवार को विधि-विधान के साथ शुभारंभ हुआ। महायज्ञ के प्रथम दिन मुख्य यजमान के रूप में नरेश त्यागी और उनकी धर्मपत्नी ने धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की।
महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी महाराज के सानिध्य में आयोजित महायज्ञ में डासना देवी मंदिर से महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी महाराज विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने श्रद्धालुओं को मां बगलामुखी की महिमा और महायज्ञ के उद्देश्य के बारे में जानकारी दी।
सनातन धर्म और परिवारों की रक्षा का लिया संकल्प
यति नरसिंहानंद गिरी महाराज ने कहा कि महायज्ञ का संकल्प सनातनियों को सद्बुद्धि, विवेक और साहस प्रदान करने के साथ परिवारों की रक्षा तथा सनातन धर्म के संरक्षण और उत्थान का है। उन्होंने अधर्म, अन्याय, अत्याचार और नकारात्मक शक्तियों के शमन तथा धर्म, सत्य और न्याय की विजय की कामना की।
उन्होंने युवाओं से सनातन धर्म की रक्षा के लिए हिंदू परिवारों में कम से कम पांच बच्चों के जन्म का आह्वान भी किया।
22 सितंबर को पूर्णाहुति और विशाल भंडारा
आयोजकों के अनुसार मां पीताम्बरा बगलामुखी का यह महायज्ञ 22 सितंबर तक चलेगा। आयोजन के अंतिम दिन पूर्णाहुति के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। महायज्ञ में श्रद्धालुओं के शामिल होने का सिलसिला जारी है।
