- रिपोर्ट: जितेन्द्र ठाकुर
Ghaziabad: मोदीनगर के भोजपुर थाना क्षेत्र के कलछीना गांव में सोमवार देर रात बदमाशों ने दुस्साहसिक लूट की वारदात को अंजाम दिया। गांव के बाहर स्थित एक मकान को निशाना बनाकर पहुंचे 5-6 अज्ञात बदमाशों ने पहले घर के अंदर जलती मिर्च फेंक दी। मिर्च के धुएं से जब परिवार का दम घुटने लगा और उन्होंने दरवाजा खोला, तो बदमाश जबरन घर में घुस गए।
पति को बनाया बंधक, महिला पर धारदार हथियार से हमला
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने घर में घुसते ही पति को बंधक बना लिया और उसके हाथ बांध दिए। इसी दौरान विरोध करने पर एक महिला पर धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने घर में 10 किलो चांदी और करीब 5 लाख रुपये रखे होने की बात कहते हुए तलाशी शुरू कर दी।
बदमाशों ने परिवार के विरोध के बावजूद महिला के कुंडल और कड़े समेत बेटी की शादी के लिए रखे गए जेवरात तथा नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाल रही टीम
लूट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात के खुलासे के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और लूटे गए जेवरात व नकदी की बरामदगी की मांग की है। पुलिस मामले में बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
