Rampur: चाइल्ड हेल्पलाइन की त्वरित कार्रवाई से रेलवे स्टेशन मिलक पर मिला 11 वर्षीय बालक साहिल कुमार अपने परिवार से मिल गया। 28 अगस्त को रेलवे स्टेशन मिलक के प्लेटफार्म पर एक नाबालिग बालक के गुमशुदा अवस्था में मिलने की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन को मिली थी।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ईरा आर्या के निर्देश पर चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बालक को संरक्षण में लिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसकी काउंसलिंग की। काउंसलिंग के दौरान बालक द्वारा बिहार के शिवहर एवं चम्पारण क्षेत्र से संबंधित जानकारी दिए जाने पर टीम ने स्थानीय पुलिस एवं परिजनों से संपर्क स्थापित किया।
29 अगस्त को बालक को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के निर्देश पर उसकी देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित किया गया। 2 सितम्बर को बालक के पिता मनोज रामपुर पहुंचे। समिति के आदेशानुसार बालक को उसके पिता की सुपुर्दगी में दे दिया गया।
बालक के पिता ने चाइल्ड हेल्पलाइन रामपुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हेल्पलाइन की मदद से उनका बेटा उन्हें वापस मिल सका।
