घग्गर नदी में बिना ट्रीटमेंट गंदा पानी छोड़ने से फैल रहा जहर, लोक पंचायत सिरसा व अनेक गांवों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, जल्द समाधान की मांग
Ellenabad, September 12 (एम पी भार्गव): ऐलनाबाद क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य पर मंडरा रहे गंभीर खतरे को लेकर आज जन आक्रोश फूट पड़ा। लोक पंचायत सिरसा के नेतृत्व में क्षेत्र की दर्जनों ग्राम पंचायतों ने उपमंडल अधिकारी एसडीएम अदिति सिंघानिया को एक जोरदार ज्ञापन सौंपकर घग्गर नदी में सीवरेज का जहरीला पानी डालने पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।
ज्ञापन में क्या है – ट्रीटमेंट प्लांट है, पर चलता नहीं
प्रतिनिधि मंडल ने ज्ञापन में स्पष्ट लिखा है कि ऐलनाबाद शहर में करोड़ों की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगा हुआ है, इसके बावजूद संबंधित विभाग और ठेकेदार की मिलीभगत से दूषित पानी को बिना ट्रीट किए सीधा घग्गर नदी में बहाया जा रहा है।
नाक बंद करके गुजरना पड़ता है, गांवों में फैल रहा कैंसर-पीलिया-
ज्ञापन में बताया गया है कि इस गंदे पानी की भयानक बदबू के कारण बुढीमेडी से जीवन नगर रोड पर घग्गर पुल से गुजरना राहगीरों के लिए किसी सजा से कम नहीं है। नदी का पानी काला पड़ चुका है और इसी दूषित पानी के कारण साथ लगते गांवों प्रताप नगर, मिर्जापुर, मौजूखेड़ा, बुढीमेडी, अमृतसर खुर्द, अमृतसर कलां सहित अनेक गांवों और ढाणियों में काला पीलिया और कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियां तेजी से फैल रही हैं।
बार-बार शिकायत, पर कोई सुनवाई नहीं-
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस जानलेवा समस्या के बारे में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को दर्जनों बार लिखित और मौखिक रूप से सूचित किया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की इस लापरवाही से लोगों में भारी रोष है।
ये रहे मौजूद – चेतावनी भी दी
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से कामरेड सरबजीत सिंह सिद्धू, कामरेड सुरजीत सिंह, गुरदीप सिंह गुराया, जगमीत सिंह विर्क, सुखन सिद्धू, हरदीप सिंह गिल, गुरपाल सिंह, मालक सिंह, सतबीर सिंह, सहदेव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
पंचायत प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस गंदे पानी को ट्रीट करके ही नदी में डालने की व्यवस्था नहीं की गई तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
