BRICS 2026 के लिए पेपर आर्टिस्ट जगजोत रूबल ने तैयार की अनूठी पेंटिंग
ग्लोबल लीडरशिप का संदेश देगी जगजोत रूबल की कलाकृति, 18 दिनों में हुई तैयार
-मोदी समेत BRICS देशों के राष्ट्राध्यक्षों की तस्वीरों को एक फ्रेम में उतारा
-जगजोत रूबल बोले- BRICS सम्मेलन दुनिया को एकता और शांति का संदेश देने का अवसर
Amritsar: भारत में 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने जा रहे BRICS 2026 सम्मेलन को लेकर पेपर आर्टिस्ट सर डॉ. जगजोत सिंह रूबल ने एक अनूठी पेंटिंग तैयार की है। इस कलाकृति के माध्यम से उन्होंने भारत में आयोजित होने वाले इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में हिस्सा लेने वाले विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रधानमंत्री को एक ही फ्रेम में प्रस्तुत करते हुए ‘ग्लोबल लीडरशिप’ और एकता का संदेश देने का प्रयास किया है।
जगजोत रूबल ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ BRICS सम्मेलन में शामिल होने वाले विभिन्न देशों के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्रियों की तस्वीरों को एक विशेष कलात्मक रूप में तैयार किया है। उनका उद्देश्य इस पेंटिंग के जरिए यह संदेश देना है कि दुनिया के अलग-अलग देश और उनके नेता एक मंच पर एकत्रित होकर वैश्विक मुद्दों पर बातचीत कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि भारत के लिए BRICS सम्मेलन की मेजबानी करना गौरव की बात है। ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर केवल आर्थिक और व्यापारिक समझौतों पर ही चर्चा नहीं होनी चाहिए, बल्कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों में चल रहे युद्धों और संघर्षों को समाप्त करने तथा शांति स्थापित करने के मुद्दे को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
रूबल के अनुसार इस विशेष पेंटिंग को तैयार करने में उन्हें करीब 18 दिन का समय लगा। पेंटिंग का आकार लगभग 5 फीट है और इसे पेपर आर्ट की विशेष तकनीक के माध्यम से तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि कलाकृति में विभिन्न देशों के नेताओं को एक साथ प्रस्तुत करते हुए ‘ग्लोबल लीडरशिप’ का संदेश देने की कोशिश की गई है।
उन्होंने बताया कि BRICS की शुरुआत ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका जैसे देशों के समूह के रूप में हुई थी। इसके बाद संगठन का विस्तार हुआ और ईरान, मिस्र, इंडोनेशिया सहित कई अन्य देश इससे जुड़े हैं। सऊदी अरब समेत विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी भी इस सम्मेलन को महत्वपूर्ण बनाती है।
जगजोत रूबल ने कहा कि वे अपनी तैयार की गई यह पेंटिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और अन्य प्रमुख हस्तियों तक पहुंचाना चाहते हैं। इससे पहले भी उनके द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बनाई गई पेंटिंग की सराहना हुई थी और उन्हें प्रशंसा पत्र भी प्राप्त हुआ था। इसके अलावा वह कई प्रमुख बॉलीवुड हस्तियों को भी अपनी कलाकृतियां भेंट कर चुके हैं।
उन्होंने अपनी कला को प्रोत्साहन देने के लिए परिवार, मीडिया और कला प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कलाकार की मेहनत और कला को देश-दुनिया के सामने लाने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। उनका प्रयास है कि पेपर आर्ट के माध्यम से भारत की कला और कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले।
