10 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले शिक्षकों के चयन वेतनमान के लिए बुलंद हुई आवाज
संघ ने सभी पात्र शिक्षकों की पत्रावलियां पूर्ण कराकर अविलंब स्वीकृति एवं आवश्यक आदेश निर्गत करने की मांग की है।
घोरावल/सोनभद्र। बेसिक शिक्षा विभाग में 16448 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत नियुक्त शिक्षकों ने 10 वर्ष की सेवा पूरी कर ली है। शिक्षकों को चयन वेतनमान का लाभ दिलाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ विकास खंड घोरावल ने पहल तेज कर दी है। ब्लॉक अध्यक्ष संजय मिश्र के नेतृत्व में संघ के पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने खंड शिक्षाधिकारी घोरावल को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर पात्र शिक्षकों को चयन वेतनमान प्रदान करने के लिए तत्काल आवश्यक आदेश जारी करने की मांग की। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला बेसिक शिक्षाधिकारी, सोनभद्र को भी भेजी गई है, ताकि जिला स्तर से भी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। ज्ञापन में संघ ने बताया कि 31 अगस्त 2016 को बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक पद पर 16448 बैच के शिक्षकों की नियुक्ति हुई थी। 31 अगस्त 2026 को इन शिक्षकों ने 10 वर्ष की निरंतर एवं संतोषजनक सेवा पूरी कर ली है। संघ का कहना है कि शासनादेश एवं विभागीय नियमों के तहत निर्धारित सेवा अवधि पूरी करने वाले पात्र शिक्षकों को चयन वेतनमान का लाभ दिया जाना चाहिए।
ब्लॉक अध्यक्ष संजय मिश्र ने कहा कि चयन वेतनमान शिक्षकों का अधिकार है और 10 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी होने के बाद इसके लिए अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। संघ ने सभी पात्र शिक्षकों की पत्रावलियां पूर्ण कराकर अविलंब स्वीकृति एवं आवश्यक आदेश निर्गत करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला महामंत्री हुकूम चंद्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रभा शंकर मिश्र, संयुक्त मंत्री प्रशांत जैन, कोषाध्यक्ष आयुष मिश्र, जिला संगठन मंत्री एवं ब्लॉक प्रवक्ता राजेश रजक तथा मीडिया प्रभारी लवकुश कुमार शुक्ल समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। संघ की ओर से मंजू सिंह, साधना सिंह, प्रियंका पवार, पूजा तोमर, संतोष कुमार शुक्ल, शैलेश कुमार पाण्डेय, उमेश पाण्डेय, प्यारेलाल आर्या, चन्दन शर्मा, देवेन्द्र कुमार पाण्डेय, प्रद्युम्न सिंह, नागेश कुमार सिंह, शिव शंकर, अशोक सन्यासी और अमित सिंह सहित अन्य सदस्यों ने भी मांग का समर्थन किया।
