मुंबई : अंबानी परिवार की छोटी बहू राधिका अंबानी एक बार फिर अपने शानदार और रॉयल फैशन लुक को लेकर चर्चा में हैं। फैशन जगत के मशहूर डिजाइनर अबू जानी और संदीप खोसला के इंडस्ट्री में 40 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित खास कार्यक्रम में राधिका अंबानी ने अपनी मौजूदगी से खूब सुर्खियां बटोरीं। उनके आउटफिट, ज्वेलरी और खासतौर पर हाथ में नजर आए लग्जरी मिनी बैग ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
डीप प्लम रंग के आउटफिट में दिखा रॉयल अंदाज
इस खास इवेंट के लिए राधिका अंबानी ने डीप पर्पल यानी प्लम शेड का एथनिक फ्यूजन आउटफिट चुना था। उनके आउटफिट पर आइवरी व्हाइट रंग के धागों से बारीक कढ़ाई की गई थी, जिसने पूरे लुक को रिच और रॉयल टच दिया। उन्होंने फुल स्लीव्स वाली फिटेड जैकेट को मैचिंग एम्ब्रॉयडर्ड स्कर्ट के साथ पहना था। फिटेड सिलुएट और खूबसूरत कढ़ाई ने उनके लुक को ग्लैमरस के साथ-साथ एलिगेंट भी बनाया।
सबसे ज्यादा चर्चा में रहा नीता अंबानी का मिनी बैग
राधिका अंबानी के लुक की सबसे खास चीज उनके हाथ में नजर आया छोटा सा लग्जरी बैग था। रिपोर्ट के मुताबिक, यह बैग उनकी सास नीता अंबानी का है। यह Hermès का Sac Bijou Birkin बैग है, जिसे दुनिया के सबसे महंगे Birkin बैग्स में गिना जाता है। इसकी कीमत करीब 20 लाख डॉलर यानी लगभग 17.7 करोड़ रुपये बताई गई है।
18 कैरेट सफेद सोने और हजारों हीरों से बना है बैग
इस खास Hermès Sac Bijou Birkin बैग को 18 कैरेट सफेद सोने से तैयार किया गया है। इसमें 3,025 हीरे जड़े हुए हैं, जिनका कुल वजन 111.09 कैरेट बताया गया है। इस बैग के केवल तीन पीस बनाए गए हैं, जिससे इसकी खासियत और बढ़ जाती है।
पियरे हार्डी ने किया था डिजाइन
इस खास बैग को Hermès के फाइन जूलरी क्रिएटिव डायरेक्टर पियरे हार्डी ने डिजाइन किया था और इसे 2012 में पेश किया गया था। इसकी एक दिलचस्प बात यह भी है कि इसे सिर्फ सामान्य हैंडबैग की तरह इस्तेमाल करने के लिए नहीं, बल्कि ब्रेसलेट की तरह पहनने के अंदाज में भी डिजाइन किया गया था।
अनकट पन्ने वाले चोकर ने बढ़ाई खूबसूरती
राधिका अंबानी की ज्वेलरी भी उनके आउटफिट की तरह काफी चर्चा में रही। उन्होंने ब्लैक वेलवेट रिबन के साथ एक स्टेटमेंट चोकर पहना था, जिसके सेंटर में बड़ा अनकट पन्ना लगा था। इसके नीचे मोती का ड्रॉप डिजाइन दिया गया था। ग्रीन एम्राल्ड और व्हाइट पर्ल का कॉम्बिनेशन उनके डीप प्लम आउटफिट के साथ बेहद आकर्षक नजर आया। उन्होंने इसके साथ मैचिंग एम्राल्ड ईयररिंग्स भी पहने थे।
एम्राल्ड रिंग और लग्जरी वॉच ने पूरा किया लुक
राधिका ने अपने हाथ में ब्रेसलेट और एक लग्जरी वॉच भी पहनी थी। उनकी उंगली में नजर आई बड़ी एम्राल्ड स्टेटमेंट रिंग भी खास आकर्षण का केंद्र रही। ज्वेलरी में ग्रीन एम्राल्ड की डिटेलिंग ने उनके पूरे लुक को एक रॉयल और कोऑर्डिनेटेड फिनिश दी।
हाफ-अप हेयरस्टाइल और सटल मेकअप
हेयरस्टाइल के लिए राधिका अंबानी ने बालों को हाफ-अप और हाफ-डाउन स्टाइल में रखा था। फ्रंट में हल्का पफ देते हुए बालों को पीछे की ओर पिन किया गया था, जिससे उनके ईयररिंग्स और नेकपीस भी अच्छी तरह उभरकर नजर आए। वहीं, उन्होंने मेकअप को ज्यादा हैवी रखने के बजाय सटल और ग्लोइंग रखा, जिसने उनके रॉयल लुक को पूरा किया।
