Ellenabad (एम पी भार्गव): वार्ड नं. 7 के पार्षद सत्यनारायण पांडिया ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पथ-विक्रेताओं और छोटे व्यवसायियों के लिए 30 सितंबर तक लोक कल्याण मेले का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर लगने वाले इस मेले का मुख्य उद्देश्य रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं एवं छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। मेले के दौरान पात्र रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं और छोटे व्यवसायियों का पंजीकरण किया जाएगा।
पंजीकरण के बाद लाभार्थियों को योजना के तहत बिना किसी सिक्योरिटी के तीन चरणों में 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा, ताकि वे अपने व्यवसाय को मजबूत कर आत्मनिर्भर बन सकें।
पार्षद ने बताया कि इस योजना का लाभ केवल रेहड़ी-पटरी वालों तक सीमित नहीं है, बल्कि नाई व सैलून सेवा, समाचार पत्र विक्रेता, धोबी व प्रेस करने वाले, केबल टीवी संचालक, साइकिल मरम्मत, ताला बनाने, जूता पॉलिश व मरम्मत करने वाले सहित अनेक छोटे व्यवसायी भी इसका लाभ ले सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा यह योजना समाज के प्रत्येक वर्ग के छोटे कारोबारी को लाभ पहुंचाने के लिए बनाई गई है। पंजीकरण हेतु जिला उपायुक्त सिरसा से संपर्क किया जा सकता है।
