शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला: शहर विधायक आकाश सक्सेना
शिक्षक सम्मान समारोह में 38 शिक्षक सम्मानित, मुख्यमंत्री के हाथों रामपुर के दो शिक्षकों को मिला सम्मान
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
Rampur: शिक्षक दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विधायक आकाश सक्सेना, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम से मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं शिक्षकों ने देखा और सुना।
रामपुर के दो शिक्षकों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
सजीव प्रसारण के दौरान जनपद रामपुर के नगर क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय अहमदनगर जागीर की प्रधानाध्यापिका वैलेंटिना विक्टर तथा जैन इण्टर कॉलेज के विज्ञान प्रवक्ता डाॅ. गौरव वार्ष्णेय को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किए जाने का साक्षी विकास भवन सभागार बना। दोनों शिक्षकों को मुख्यमंत्री के कर-कमलों से पुरस्कार प्राप्त करते देख सभागार में उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। शिक्षक अपने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए नए-नए नवाचार अपनाएं और विद्यार्थियों को बेहतर एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए शिक्षण की नवीन पद्धतियों का प्रयोग करें।
उन्होंने कहा कि एक शिक्षक की मेहनत का प्रभाव पूरी पीढ़ी पर पड़ता है। शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनमें संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के हित में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। शिक्षकों के लिए कैशलेस उपचार की सुविधा, मानदेय में वृद्धि तथा रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी जैसे कदम सरकार की शिक्षक एवं शिक्षा कार्मिकों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुविधा एवं कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक होते हैं। उनके ज्ञान, अनुभव और मार्गदर्शन से विद्यार्थी अपने जीवन में सफलता की राह तय करते हैं। उन्होंने सम्मानित सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
विकास भवन में 38 शिक्षकों को मिला सम्मान
शिक्षक दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 38 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक शामिल रहे।
सम्मानित शिक्षकों में कम्पोजिट विद्यालय लाम्बाखेड़ा के प्रधानाध्यापक एहसान उल हक, उच्च प्राथमिक विद्यालय जुठिया के प्रधानाध्यापक जुनैद नासिर, उच्च प्राथमिक विद्यालय हलुनागर के सहायक अध्यापक अंकुर गंगवार, उच्च प्राथमिक विद्यालय लोहा की सहायक अध्यापिका उर्वशी सिंह, उच्च प्राथमिक विद्यालय पजईया के सहायक अध्यापक अमित पाल, मॉडल मान्टेसरी स्कूल किला की प्रधानाध्यापक सैफाली शर्मा, प्राथमिक विद्यालय कलरख की प्रधानाध्यापक अंजली शर्मा, कम्पोजिट विद्यालय बुडपुर की सहायक अध्यापिका मिथलेश कुमारी, मॉडल प्राइमरी स्कूल मंगोली के सहायक अध्यापक मुजफ्फर हुसैन, विशेष शिक्षक आशीष कुमार पाण्डेय एवं आजाद शामिल रहे।
इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय रूपपुर के शिक्षामित्र प्रताप सिंह, प्राथमिक विद्यालय मझरा डोहरिया के शिक्षामित्र रामभजन, प्राथमिक विद्यालय लाल मस्जिद के शिक्षामित्र वकील अहमद, प्राथमिक विद्यालय रास डंडिया की शिक्षामित्र विद्या गंगवार, प्राथमिक विद्यालय रामनगर की शिक्षामित्र सुनीता एवं जुल्फिकार बालिका इंटर कॉलेज की अध्यापिका कल्पना सिंह को भी सम्मानित किया गया।
माध्यमिक शिक्षा विभाग से राजकीय इंटर कॉलेज शाहबाद के प्रवक्ता संजीव शर्मा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पटवाई की अध्यापिका नीलम रानी, खुर्शीद बालिका इंटर कॉलेज की प्रवक्ता ममता रानी एवं अध्यापिका हरप्रीत कौर सहित अन्य शिक्षकों को सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अंजलि अग्रवाल, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता खण्ड शिक्षा अधिकारी बबिता सिंह सहित शिक्षकगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
