Rampur: जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और अवैध भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह की मौजूदगी में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन और खनिजों के अवैध भंडारण की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि अवैध खनन एवं खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कड़ी निगरानी जरूरी है। उन्होंने खनन क्षेत्रों, खनिज परिवहन मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर नियमित जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सभी उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों (CO) को अपने-अपने क्षेत्रों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों के माध्यम से निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि अवैध खनन या अवैध परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रामपुर पुलिस अधीक्षक ने की जनसुनवाई

Rampur: पुलिस अधीक्षक ने प्रतिदिन की तरह अपने कार्यालय में जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए पुलिस अधीक्षक ने उनके शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करते हुए पीड़ितों को प्रभावी राहत उपलब्ध कराई जाए।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सीधे सुना जा रहा है और शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी निगरानी की जा रही है।
