त्योहारों के मद्देनजर एटा में चला एंटी रोमियो अभियान, महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पर पुलिस की पैनी नजर
Etah, September 1: त्योहारों के मद्देनजर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सुनिश्चित करने के लिए जनपद पुलिस ने मंगलवार को एंटी रोमियो अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जि. के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों ने सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, चौराहों, स्कूल-कॉलेजों, बस स्टैंड तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग एवं निगरानी की।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों और मनचलों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी। पहली बार आपत्तिजनक गतिविधियों में पकड़े गए युवकों को काउंसलिंग कर चेतावनी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि गंभीर मामलों अथवा दोबारा ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस टीमों ने महिलाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। उन्हें वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस हेल्पलाइन 112 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 समेत अन्य सहायता सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया।
पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जनपद पुलिस ने लोगों से अपील की कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा में पुलिस का सहयोग करें तथा छेड़छाड़ या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस के अनुसार एंटी रोमियो अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
