शिक्षकों के 4% विभागीय कोटे के स्थानांतरण को लेकर ज्ञापन
एमएलसी उमेश द्विवेदी ने मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत हस्तक्षेप का दिया आश्वासन
- रिपोर्ट: सौरभ श्रीवास्तव
लखनऊ। राजकीय शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष अशोक कुमार गौतम एवं प्रांतीय महामंत्री डॉ. अशोक कुमार अवाक के नेतृत्व में संघ के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी से भेंट कर सुदूर एवं विषम परिस्थितियों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं की समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने नियमानुसार स्वीकृत 4% विभागीय कोटे के अंतर्गत स्थानांतरण की प्रक्रिया शीघ्र ऑफलाइन माध्यम से कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। विधायक उमेश द्विवेदी ने मामले का संज्ञान लेते हुए माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी से दूरभाष पर वार्ता की, जिसमें मुख्यमंत्री की सहमति अथवा संकेत मिलने पर पात्र अध्यापकों के स्थानांतरण की प्रशासनिक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने का आश्वासन दिया गया।
विधायक उमेश द्विवेदी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि आगामी दिनों में मुख्यमंत्री के साथ प्रस्तावित उच्चस्तरीय वार्ता में 4% विभागीय कोटे के अंतर्गत स्थानांतरण के इस संवेदनशील एवं बहुप्रतीक्षित विषय को प्रमुखता से रखा जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में लखनऊ जिलाध्यक्ष अखिलेश अवस्थी, मेरठ से नीतू कुमार, सोनभद्र से प्रतिमा देवी, गोंडा से नेहा जायसवाल, मिर्जापुर से दिनेश कुमार, भदोही से अरुण कुमार सिंह, कन्नौज से अर्चना यादव, बरेली से उषा सरोज, सिद्धार्थनगर से अर्चना एवं महाराजगंज से ज्योति वर्मा समेत संघ के अनेक शिक्षक साथी शामिल रहे।
