Rampur: माय भारत रामपुर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में राजकीय रज़ा पीजी कॉलेज गुरु तेगबहादुर साहिब राजकीय डिग्री कॉलेज बिलासपुर में खेलो इंडिया युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी तथा खेल जगत से विशिष्ट अतिथि रुपेश सिंह तथा नेहा द्वारा दीप प्रज्वलन करके किया गया। मोमेंटो तथा पुष्प गुच्छ आदि से सभी अतिथियों का स्वागत तथा सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रेरणादायी वर्चुअल संबोधन रहा, जिसमें उन्होंने देश के युवाओं को खेल, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया, जिसे उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने बड़े ही उत्साह के साथ सुना।
युवा संवाद सत्र के दौरान महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खेलकूद के बुनियादी ढांचे, अवसरों तथा अपने भविष्य की योजनाओं से संबंधित बहुमूल्य सुझाव रखे।
मुख्य अतिथि सुनीता सैनी ने युवाओं को संबोधित करते हुए खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज सरकार की नीतियों के कारण ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रही हैं। खेल जगत की विशिष्ट अतिथि रुपेश सिंह तथा नेहा ने भी अपने संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा कर युवाओं का मार्गदर्शन किया।
रज़ा पीजी कॉलेज की प्राचार्य प्रो जाग्रति मदान ने भी अपने वक्तव्य में 2036 में भारत में आयोजित होने वाले ओलंपिक खेलों की आज से ही तैयारी एवं देश को फिट, अनुशासित एवं खेल प्रेमी राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
जिला युवा अधिकारी मीनू बोहरा व एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी प्रमोद कुमार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता और खेल के प्रति सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी आगंतुकों, प्राध्यापकों और बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं की उपस्थिति में नशा मुक्त भारत हेतु शपथ ली गयी स कार्यक्रम माय भारत वालंटियर्स निधि भारती, अभय, अभिषेक, गिरीश, नरवीर, अंकित आदि के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
