मीरजापुर में शराब पीने के विवाद में हत्या, एल्यूमिनियम की डेकची मारकर दोस्त को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार
मीरजापुर। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बरबसपुर मिश्र लहौली गांव में शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली।
पुलिस के अनुसार, गांव के अनिल विश्वकर्मा और आनंद कुमार विश्वकर्मा उर्फ रामबाबू के बीच शराब पीने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी आनंद ने पास में रखी एल्यूमिनियम की डेकची से अनिल के सिर पर जोरदार वार कर दिया।
गंभीर रूप से घायल अनिल को परिजन अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी आनंद कुमार विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित पैंट भी बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
