बदायूं में धूमधाम से मना तीज महोत्सव ‘आया सावन झूम के’, सामूहिक नृत्य और ‘अनेकता में एकता’ रैम्प वॉक ने मोहा मन

Badaun: अखिल भारतीय वैश्य महिला कुटुंब बदायूं के तत्वावधान में बैकटहाल में भव्य तीज महोत्सव ‘आया सावन झूम के’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामूहिक नृत्य, भजन, कव्वाली, एकल एवं युगल नृत्य तथा भारत के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘अनेकता में एकता’ विषय पर आधारित रैम्प वॉक रहा।

कार्यक्रम की रूपरेखा संस्था की संस्थापिका एवं लिलीपुट स्कूल की डायरेक्टर डॉ. प्रतिभा गुप्ता और अध्यक्ष डॉ. ममता नौगरैया के मार्गदर्शन में तैयार की गई। डॉ. प्रतिभा गुप्ता ने कहा कि संस्था की ओर से तीज महोत्सव का आयोजन कई वर्षों से किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सभ्यता और संस्कारों को जीवंत रखने का प्रयास किया जाता है।

डॉ. ममता नौगरैया ने कहा कि तीज महोत्सव महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करता है। कार्यक्रम में विविधता में एकता की भावना को भी खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया।

भगवान शिव-पार्वती की आरती से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ पंचदीप प्रज्ज्वलित कर भगवान शिव और माता पार्वती की सामूहिक आरती से हुआ। इसके बाद भगवान भोलेनाथ के भजन की प्रस्तुति दीप्ति, पूजा, शिल्पी और राधा ने दी।

सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में सुनंदा, श्वेता माहेश्वरी, वंदना, अंजलि महाजन ग्रुप, नेहा गुप्ता, प्रतीक्षा, वर्षा, श्रेया ग्रुप तथा मुस्कान, वर्षा वर्मा, एकता अग्रवाल और पलक गुप्ता ग्रुप ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में मुस्कान ग्रुप ने प्रथम स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम में रैपिड फायर राउंड के साथ मोहिनी बोहरा रस्तोगी ने भजन प्रस्तुत किया। अंजलि अग्रवाल ने एकल नृत्य, जबकि पूनम रस्तोगी और नेहा वैश्य ने हास्य अभिनय की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।

डॉ. शुभ्रा माहेश्वरी समूह की ओर से संगीता माहेश्वरी और नीरेश माहेश्वरी ने कव्वाली प्रस्तुत की। इसके अलावा नेहा वैश्य, एकता गुप्ता, नेहा उमंग गुप्ता और श्रुति वैश्य ने एकल नृत्य प्रस्तुतियां दीं। पूनम रस्तोगी और आभा ने युगल नृत्य प्रस्तुत किया। सोनिया की वॉइस-ओवर एक्ट प्रस्तुति और राधा, पूजा, शिल्पी एवं दीप्ति के समूह नृत्य ने भी खूब तालियां बटोरीं।

‘अनेकता में एकता’ रैम्प वॉक रहा मुख्य आकर्षण

तीज महोत्सव का विशेष आकर्षण ‘अनेकता में एकता’ थीम पर आधारित रैम्प वॉक प्रतियोगिता रही। इसमें प्रतिभागियों ने देश के अलग-अलग राज्यों की संस्कृति और परंपराओं का प्रतिनिधित्व किया।

रैम्प वॉक में नेहा गुप्ता और सोनिया ने उत्तर प्रदेश, आभा गुप्ता और पूनम रस्तोगी ने बंगाल, नेहा उमंग गुप्ता ने राजस्थान, मुस्कान गुप्ता ने महाराष्ट्र, एकता अग्रवाल और नेहा रस्तोगी ने गुजरात, निकिता अग्रवाल ने पंजाब तथा पारुल रस्तोगी ने दक्षिण भारतीय संस्कृति का प्रतिनिधित्व किया। डौली गुप्ता ने भी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।

रैम्प वॉक प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली सोनम गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

गणमान्य अतिथियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, पूर्व सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य, नगर विधायक की पत्नी विमलेश गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, प्रीति, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक ज्योति सिंह, महिला थाना सिविल लाइंस की उपनिरीक्षक सरिता चौधरी सहित उनकी टीम मौजूद रही।

इसके अलावा समाजसेविका सलोनी पाठक, विश्व हिंदू परिषद की विभाग उपाध्यक्ष महिषा सिंह, टिथोनस स्कूल की डायरेक्टर मधु अग्रवाल, जीडी गोयनका स्कूल की डायरेक्टर आभा गोयल, रमा गुप्ता, डॉ. कमला माहेश्वरी, नेहा शरद गुप्ता समेत कई गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. संघमित्रा मौर्य, वर्षा यादव और एसएसपी अंकिता शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। निर्णायक मंडल में डॉ. प्रतिभा मिश्रा, डॉ. इंदु शर्मा, डॉ. उमा सिंह गौर और डॉ. सरला चक्रवर्ती शामिल रहीं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में गीता गुप्ता, पूनम गुप्ता, शगुन गुप्ता और सोनी गुप्ता का विशेष योगदान रहा। सभी अतिथियों को पटका पहनाकर एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. दीप्ति जोशी गुप्ता ने किया। अंत में डॉ. प्रतिभा गुप्ता ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सेल्फी प्वाइंट और सावन का झूला भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.