Rampur: जनपद में मीजल्स-रुबेला (एमआर) टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों को वैक्सीन लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत 18 से 28 अगस्त 2026 तक जिले के सरकारी शिक्षण संस्थानों में टीकाकरण सत्र आयोजित कर बच्चों को एमआर वैक्सीन की डोज दी जाएगी।
दयावती मोदी अकेडमी में अभियान का शुभारंभ
अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा सिंह और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. के.के. चहल ने दयावती मोदी अकेडमी, वाटिका स्कूल में आयोजित टीकाकरण सत्र में फीता काटकर किया। इस दौरान स्कूल के 50 बच्चों को एमआर वैक्सीन लगाई गई।

कक्षा 1 से 5 तक के छूटे बच्चों का होगा टीकाकरण
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि अभियान के तहत सरकारी शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले कक्षा 1 से 5 तक के उन सभी बच्चों को एमआर वैक्सीन की डोज दी जाएगी, जो नियमित टीकाकरण अभियान के दौरान टीका लगवाने से छूट गए हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 5 से 10 वर्ष की आयु के बच्चों को एमआर वैक्सीन की एक डोज दी जाएगी। इसके लिए जिले में 18, 20, 21, 24, 25, 27 और 28 अगस्त 2026 को विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
स्कूलों और अन्य संस्थानों में पहुंचाई जाएगी स्वास्थ्य टीम
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सरकारी स्कूलों के अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों, मदरसों और अन्य संबंधित संस्थानों में भी टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। विभाग का उद्देश्य टीकाकरण से छूटे सभी पात्र बच्चों को वैक्सीन की डोज देकर उन्हें मीजल्स और रुबेला जैसी बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करना है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षक और अन्य स्टाफ मौजूद रहे।
