पीआरडी जवानों के दैनिक भत्ते में बढ़ोतरी, बैरक निर्माण एवं कैशलेस योजना का शुभारंभ
पीआरडी जवानों के दैनिक भत्ते में रूपये 100 की बढ़ोत्तरी, अब मिलेगा रूपये 600
- दैनिक भत्ते में बढ़ोतरी से पीआरडी जवानों में खुशी, रामपुर में हुआ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
Rampur: युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पीआरडी जवानों के दैनिक भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा के साथ ही लखनऊ में पीआरडी बैरक निर्माण एवं मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस योजना का शुभारंभ किया गया। दैनिक भत्ता रूपये 500 से बढ़ाकर रूपये 600 प्रतिदिन किए जाने की घोषणा से पीआरडी जवानों में उत्साह का माहौल रहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि नगर विधायक आकाश सक्सेना, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र की उपस्थिति में विकास भवन सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कराया गया।
कार्यक्रम में जनपद के करीब 150 पीआरडी जवानों ने प्रतिभाग किया। वर्तमान में जनपद रामपुर में सभी 301 सक्रिय पीआरडी जवानों को नियमित रूप से ड्यूटी प्रदान की जा रही है। पीआरडी जवानों द्वारा थाना ड्यूटी, फायर सर्विस ड्यूटी सहित विभिन्न गैर-विभागीय आवश्यक सेवाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है।
सजीव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा पीआरडी जवानों के हित में की गई घोषणाओं का जवानों ने स्वागत किया। मानदेय में वृद्धि, पीआरडी बैरक निर्माण एवं मुख्यमंत्री कैशलेस योजना को जवानों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम में जिला पीआरडी कमांडेंट विशाल कुमार, बीओ पीआरडी बृजेश कुमार विश्नोई, श्री नन्दन सिंह, वरुण राठी, वरिष्ठ सहायक अजमल जमाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
