30 साल बाद पुत्र रत्न की प्राप्ति पर शिव-नंदीशाला सेवा ट्रस्ट में स्थापित करवाई शिव प्रतिमा
श्री श्री 108 श्री भरत मुनि जी महाराज ने किया विधि-विधान से अनावरण, शहर में हो रही प्रशंसा
Ellenabad, August 14 ( डॉ एम पी भार्गव ): आस्था, श्रद्धा और कृतज्ञता के प्रतीक के रूप में आज शिव-नंदीशाला सेवा ट्रस्ट में भगवान शिव की भव्य प्रतिमा का विधि-विधान से अनावरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री श्री 108 श्री भरत मुनि जी महाराज के कर-कमलों द्वारा किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्वान ब्राह्मणों ने पूर्ण वैदिक रीति से पूजन-अर्चना कर प्रतिमा का अनावरण किया। पूरे परिसर में “ॐ नमः शिवाय” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

30 वर्ष बाद पुत्र रत्न की प्राप्ति पर लिया संकल्प
गौरतलब है कि इस प्रतिमा को शहर के हरचंद का बास निवासी आत्माराम न्योल व उनकी धर्मपत्नी महेंद्र न्योल द्वारा बनवाया गया है।
उल्लेखनीय है कि 30 वर्ष बाद उनके घर पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई, जिसके उपलक्ष्य में दंपत्ति ने भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित करवाने का संकल्प लिया था। अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर उन्होंने इसे सार्वजनिक रूप से स्थापित करवाकर समाज को समर्पित किया।
इस पुण्य कार्य की पूरे शहर में भूरी-भूरी प्रशंसा हो रही है। लोगों का कहना है कि आत्माराम न्योल दंपत्ति ने अपनी खुशी को सामाजिक और धार्मिक कार्य से जोड़कर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।

भक्ति और सेवा का संदेश
श्री भरत मुनि जी महाराज ने अपने प्रवचनों में कहा कि भगवान शिव भक्तों की मनोकामना पूरी करने वाले हैं। ऐसी प्रतिमाओं की स्थापना से समाज में आध्यात्मिक चेतना बढ़ती है।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने दंपत्ति के इस सराहनीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इससे गौ-सेवा और धर्म के कार्यों को और बल मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में महाआरती की गई और सभी श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारी, शहर के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
