पतंजलि योग परिवार ने हर्षोल्लास से मनाया हरियाली तीज महोत्सव

योग, झूले, लोकगीत और नृत्य के साथ बिखरी सावन की छटा, महिलाओं ने लिया श्रावण माह का आनंद

Ellenabad, August 13 ( डॉ एम पी भार्गव ): सावन की हरियाली और उल्लास के बीच पतंजलि योग परिवार ऐलनाबाद द्वारा बुधवार को हरियाली तीज महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सनातन धर्मशाला में संचालित निरंतर योग कक्षा से हुआ। मुख्य योग शिक्षक हेमराज सपरा ने ओउम् एवं गायत्री मंत्र के उच्चारण के साथ योग एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाकर सभी साधकों को स्वस्थ जीवन और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया।

चौ. देवीलाल पार्क में झूले और लोकगीतों की धूम
योग सत्र के उपरांत सभी योग साधक चौ. देवीलाल पार्क पहुंचे। सावन की हरियाली के बीच पारंपरिक झूलों, तीज के लोकगीतों और नृत्य के साथ पूरा माहौल देशभक्ति और संस्कृति के रंग में रंग गया। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक झूले झूले, तीज के गीत गाए और सभी उपस्थित साधकों ने मिलकर भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं का आनंद लिया।

“हरियाली तीज है प्रकृति और संस्कृति का संगम” – हेमराज सपरा
मुख्य योग शिक्षक हेमराज सपरा ने कहा कि “हरियाली तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का संगम है। सावन मास का धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है और इस दौरान फैली हरियाली जीवन में नई ऊर्जा एवं सकारात्मकता का संदेश देती है।”

महिला तहसील प्रभारी गीता बेनीवाल ने कहा कि हरियाली तीज महिलाओं की आस्था और परिवार के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इस दिन महिलाएं भगवान शिव एवं माता पार्वती की पूजा कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करती हैं।

ग्रामीण प्रभारी छिंद्र कौर ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान शिव और माता पार्वती का पुनर्मिलन हुआ था। इसलिए यह पर्व प्रेम, विश्वास और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी योग साधकों को प्रसाद वितरित किया गया और भारतीय संस्कृति व योग परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।

उपस्थित रहे:
इस अवसर पर संगठन मंत्री डॉ. राजगोपाल बेनीवाल, मीडिया प्रभारी नवशेर सिंह, छिंद्र कौर, कौशल्या देवी, जसपाल कौर, सुमन गोयल, ममता भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष योग साधक उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.