Rampur News: रामपुर में पंचायत घर बना अखाड़ा: प्रधान और पंचायत सहायक के बीच मारपीट, चलीं कुर्सियां; वीडियो वायरल
- रिपोर्ट : शाहबाज़ खां
Rampur: अजीमनगर थाना क्षेत्र के जटपुरा गांव स्थित पंचायत घर में पंचायत सहायक और ग्राम प्रधान के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कुर्सियां चलने लगीं, जिससे पंचायत घर में अफरातफरी मच गई। घटना में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पंचायत घर में पंचायत सचिव बैठक ले रही थीं। इसी दौरान ग्राम प्रधान और पंचायत सहायक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक-दूसरे पर कुर्सियां भी फेंकी गईं।
घटना में तीन लोगों को चोटें आई हैं। ग्राम प्रधान की तहरीर पर अजीमनगर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर भी घटना की पड़ताल कर रही है।
- रामपुर में किसानों ने निकाली तिरंगा रैली
रामपुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय लोक दल के नेतृत्व में किसान नेता हंसीब अहमद के नेतृत्व में हजारों किसानों ने तिरंगा रैली निकाली। किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइकों पर सवार होकर अंबेडकर पार्क से तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।

रैली के दौरान किसानों ने देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। बड़ी संख्या में तिरंगे लेकर किसान यात्रा में शामिल हुए। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
