Ellenabad , August 11 ( एम पी भार्गव ): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला में मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। इस पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत वे सभी पात्र पुरुष एवं महिलाएं, जो 1 जुलाई 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं और जिनका नाम उनके सामान्य निवास से संबंधित निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में अभी तक दर्ज नहीं है, अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
तहसीलदार हनुमान दास ने बताया कि पात्र नागरिक 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक प्रपत्र-6 में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित घोषणा पत्र, एक पासपोर्ट आकार की रंगीन फोटो तथा सामान्य निवास और जन्मतिथि के प्रमाण से संबंधित दस्तावेजों की सत्यापित प्रतियां संलग्न करनी होंगी। आवेदक को आवेदन पत्र में निर्धारित स्थान पर अपना मोबाइल नंबर और हस्ताक्षर भी अंकित करने होंगे। पूर्ण आवेदन संबंधित मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी के पास 30 अगस्त 2026 तक जमा करवाया जा सकता है।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है, वे निर्धारित अवधि के दौरान प्रपत्र-6 भरकर अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी के पास जमा करवाएं और अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाएं। पात्र नागरिकों से यह भी आग्रह किया गया है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें तथा सरकार एवं निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर उपलब्ध करवाई जाने वाली सुविधाओं का लाभ उठाएं।
