जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड की बैठक संपन्न।

रामपुर मे मंगलवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में जुलाई 2026 की रैंकिंग में जनपद के प्रदेश में प्रथम स्थान पर पहुंचने पर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने समस्त अधिकारियों को बधाई दी। साथ ही सभी अधिकारियों को इसी कार्यकुशलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों में शीघ्र सुधार लाने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह अपने-अपने विभागों में संचालित सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पोर्टल पर उपलब्ध सूचनाओं का निरंतर सत्यापन करते रहें। उन्होंने कहा कि योजनाओं की प्रगति के साथ-साथ पोर्टल पर सही एवं समयबद्ध आंकड़ों की फीडिंग सुनिश्चित करना भी विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

उन्होंने सभी अमृत सरोवरों की देखभाल, मरम्मत और रंग-रोगन के निर्देश खंड विकास अधिकारियों को दिए।

जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सत्यापन कर मरम्मत के कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिये।

उन्होंने सभी कार्यालयाध्यक्षों को अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से फाइलों का संचालन करने के निर्देश दिए। जीरो पॉवर्टी अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंत्योदय कार्डधारकों का सत्यापन प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। सत्यापन के दौरान अपात्र पाए जाने वाले लाभार्थियों के कार्ड नियमानुसार निरस्त किए जाएं तथा पात्र लाभार्थियों को अंत्योदय योजना का लाभ दिलायें।

उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वेक्षण एवं सत्यापन के दौरान पात्र पाए जाने वाले परिवारों को उनकी पात्रता के अनुसार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। साथ ही पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने की कार्रवाई भी प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र, डीएफओ प्रणव जैन, जिला विकास अधिकारी हरिश्चंद्र प्रजापति सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.