मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत निशुल्क ऋण आवेदन कैम्प 17 अगस्त को

रामपुर उपायुक्त उद्योग जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र अनुराग यादव ने बताया कि जनपद रामपुर में युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने हेतु मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत 17 अगस्त 2026 को प्रातः 10ः बजे से सायं 4:30 बजे तक ब्लॉक स्वार, रामपुर में निशुल्क ऋण आवेदन कैम्प का आयोजन किया जाएगा। कैम्प में इच्छुक अभ्यर्थियों के ऑनलाइन ऋण आवेदन पत्र निःशुल्क भरवाए जाएंगे तथा उद्यम पंजीकरण भी बिना किसी शुल्क के किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र अभ्यर्थियों को 5 लाख रुपये तक का ऋण 4 वर्षों के लिए बिना ब्याज एवं बिना गारंटी उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही परियोजना लागत का 10 प्रतिशत अथवा अधिकतम 50,000 रुपये तक की सब्सिडी भी प्रदान की जाती है। आवेदक की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 8वीं पास निर्धारित है, जबकि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त मान्यता प्राप्त संस्थान से कौशल प्रशिक्षण प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि कैम्प में प्रतिभाग करने हेतु अभ्यर्थी आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाता विवरण, पासपोर्ट साइज फोटो एवं (यदि लागू हो) जाति प्रमाण पत्र साथ लेकर आएं। अधिक जानकारी के लिए उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, रोशन बाग, सिविल लाइंस, रामपुर कार्यालय अथवा मोबाइल नंबर 9719926277, 8859313128, 8941813371, 8393931818 एवं 8475866840 पर संपर्क किया जा सकता है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.