कोटली में शुरू हुआ शिव युवा सेवा समिति का 26वां विशाल कावड़ भंडारा

- "सेवा ही शिव है" की भावना के साथ शिवरात्रि तक चलेगा भंडारा

ऐलनाबाद, 09 अगस्त ( एम पी भार्गव ) शिव भक्तों की सेवा में समर्पित शिव युवा सेवा समिति, कोटली द्वारा कावड़ियों के लिए 26वां विशाल भंडारा 06 अगस्त से शुरू किया गया है।  यह पवित्र भंडारा कोटली गांव के पुल पर आयोजित किया जा रहा है और शिवरात्रि तक निरंतर चलता रहेगा। समिति द्वारा भंडारा स्थल को भव्य रूप से सजाया गया है। भगवान शिव की नीले रंग की विशाल प्रतिमा को फूलों, मालाओं और रंगीन झालरों से सजाया गया है। पंडाल में भगवा और गुलाबी रंग के पर्दे, फूलों की मालाएं और आकर्षक लाइटें लगाई गई हैं।

राष्ट्रीय ओड सभा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मक्खन सिंह कोटली ने बताया कि इस भंडारे की शुरुआत आज से 26 वर्ष पहले केवल एक पानी की प्याऊ से हुई थी। आज यह एक विशाल रूप ले चुका है। इस भंडारे में शिव कावड़ियों के लिए खाने, पीने, लंगर, ठहरने और मेडिकल सहित सभी प्रकार की सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इस भंडारे में हजारों की संख्या में कावड़ियों ने रुककर आराम किया और लंगर ग्रहण किया। शिव युवा सेवा समिति के सेवादार तन, मन और धन से इस सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। भंडारे की सफलता में आसपास की इंडस्ट्रीज के मालिकों और ग्रामवासियों का पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है।
भंडारे का शुभारंभ हवन-यज्ञ के साथ किया गया। इस अवसर पर भगवान सिंह कोटली, प्रधान मक्खन लाल, रोशन लाल, नंद राम दावर, बंसी राम, राम कुमार, फौजा राम, सरवण, सूरजभान, काला राम, अर्जुन राम सहित सभी सेवादार उपस्थित रहे।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की सेवा कार्यों से युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर संस्कारों से जुड़ते हैं, सेवा के माध्यम से समाज में भाईचारे और धार्मिक भावना का प्रचार होता है। “सेवा ही शिव है” ।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.