शाहबाद तहसील के गांवों में बदहाल रास्तों को लेकर सपा नेता रामबहादुर का तीखा हमला, कहा- सत्ता पक्ष के विधायक होने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
Rampur: समाजवादी पार्टी के नेता रामबहादुर ने शाहबाद तहसील के ग्राम जयडोली और ग्राम बमनपुरी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी प्रमुख समस्याओं, विशेष रूप से आवागमन के लिए जर्जर और बाधित रास्तों की स्थिति का जायजा लिया।

ग्राम भ्रमण के दौरान ग्रामीणों में रास्ते की बदहाली को लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने बताया कि शिव मंदिर को जाने वाला मुख्य मार्ग अवरुद्ध और जर्जर है, जिससे लगभग दस गांवों के लोगों को पूजा-अर्चना करने के लिए आने-जाने में भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। मंदिर जाने वाले मार्ग के साथ-साथ आम ग्रामीणों का रोजाना का आवागमन भी पूरी तरह से दूभर हो गया है।

सपा नेता रामबहादुर ने शासन और प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि ग्रामीणों की इस अति आवश्यक समस्या पर तुरंत ध्यान दिया जाना चाहिए। भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है और मौजूदा स्थानीय विधायक भी सत्ता पक्ष से ही ताल्लुक रखते हैं, इसके बावजूद जनता की बुनियादी समस्याओं का कोई समाधान नहीं निकल पा रहा है, जो प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि जनहित में इस मार्ग का निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाए।
