स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के लाभार्थियों को चयन पत्र वितरित
डेयरी कॉन्क्लेव में किसानों एवं पशुपालकों को योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी
रामपुर विकास भवन सभागार में बुधवार को जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अश्वनी कुमार तथा उप दुग्ध विकास अधिकारी/जिला समन्वयक, नन्द बाबा दुग्ध मिशन पंकज सिंह के साथ दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास विभाग की 50 वर्षों की विकास यात्रा तथा पशु रोग नियंत्रण एवं टीकाकरण विषयक लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। साथ ही किसानों एवं पशुपालकों को मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना, मिनी नन्दनी कृषक समृद्धि योजना, नन्दनी कृषक समृद्धि योजना, उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास एवं दुग्ध उत्पाद प्रोत्साहन नीति-2022, चारा प्रबंधन प्रोत्साहन नीति तथा पशुपालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ पशुपालकों की आय में वृद्धि के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाओं का संचालन कर रही है। उन्होंने किसानों एवं पशुपालकों से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर वैज्ञानिक पशुपालन अपनाने तथा आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर डेयरी व्यवसाय को स्वरोजगार का मजबूत माध्यम बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना (वित्तीय वर्ष 2026-27) के अंतर्गत चयनित 14 महिला एवं 14 पुरुष लाभार्थियों को मुख्य विकास अधिकारी द्वारा चयन पत्र एवं गाय क्रय हेतु अनुमति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन स्थानीय प्रभारी दुग्ध विकास वीरेश प्रताप सिंह ने किया।
इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. नरेन्द्र सिंह, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं एन.बी.डी.एम. नोडल अधिकारी डॉ. रामलखन, जिला अग्रणी प्रबंधक, बैंक ऑफ बड़ौदा, पशुपालन विभाग के अधिकारीगण तथा नन्द बाबा दुग्ध मिशन के चयनित लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में किसान एवं पशुपालक उपस्थित रहे.
