मिर्जापुर में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन हाईवे के पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत
- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
Mirzapur: जिले के चील्ह थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर गांव में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे निर्माणाधीन हाईवे के पिलर निर्माण के लिए खोदे गए बारिश के पानी से भरे गड्ढे में गिर गए, जिससे उनकी जान चली गई।
मृतकों की पहचान 7 वर्षीय किशन और 6 वर्षीय सत्यम के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई थे। बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन हाईवे की पुलिया पर पिलर बनाने के लिए गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें लगातार बारिश के कारण पानी भर गया था।
मंगलवार की देर शाम किसी समय दोनों बच्चे खेलते-खेलते पानी भरे गड्ढे के पास पहुंच गए और उसमें डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई।
सूचना पर पहुंची चील्ह थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
