हर बारिश में डूबता ऐलनाबाद, हर दिन जाम से जूझती जनता—जिम्मेदार कौन?
पालिका प्रशाशन की चिकनी चुपड़ी बातों से परेशान हो कर रह गए हैं क्षेत्रवासी, क्या जिला प्रशाशन इस ओर देगा ध्यान ?
Ellenabad, August 5 (डॉ एम पी भार्गव): शहर में ट्रैफिक जाम, अतिक्रमण और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। आम नागरिकों का कहना है कि करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं के बावजूद शहर की मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को घंटों परेशान होना पड़ता है। कई बार जाम के कारण सड़क हादसे होते हैं और मामूली बात पर विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन समय-समय पर अतिक्रमण हटाने के नाम पर केवल औपचारिक अभियान चलाता है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद हालात पहले जैसे हो जाते हैं। यह मुद्दा कई बार समाचार पत्रों की सुर्खियां भी बन चुका है, फिर भी स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
अतिक्रमण बना सबसे बड़ी परेशानी
शहर के मुख्य बाजारों, चौक-चौराहों और गलियों में बढ़ते अतिक्रमण ने पैदल चलना तक मुश्किल कर दिया है। दुकानों के बाहर टीनशेड, अस्थायी ढांचे और सामान रखकर सड़क व फुटपाथ पर कब्जा कर लिया गया है। वहीं संकरी गलियों में बेतरतीब खड़े दोपहिया वाहन और ठेले यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर रहे हैं। सरकारी नालों पर भी अस्थायी कब्जों के कारण जल निकासी बाधित हो रही है।
प्रमुख चौकों पर दिनभर रहता है जाम
पंचमुखी चौक, ममेरा चौक, चौधरी देवीलाल चौक, गांधी चौक और तलवाड़ा चौक शहर के सबसे व्यस्त स्थान हैं, जहां पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऑटो और रेहड़ी-ठेले सड़क पर खड़े रहने से समस्या और अधिक बढ़ जाती है।
बारिश में डूब जाता है शहर
बरसात के दौरान नगर पालिका कार्यालय से गांधी चौक तक सड़कें पानी से लबालब भर जाती हैं। कई दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। लोगों का कहना है कि सड़कों के पुनर्निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जलभराव की समस्या खत्म नहीं हुई।
सबसे खराब स्थिति टिब्बी चौराहे से तलवाड़ा रोड स्थित नहर तक देखने को मिलती है। सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर होने के कारण बारिश का पानी 4 से 5 फीट तक भर जाता है, जो 24 से 48 घंटे तक नहीं निकलता। इससे आवागमन बाधित होने के साथ-साथ व्यापार भी प्रभावित होता है।
लोगों की प्रमुख मांगें
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पंचमुखी चौक, चौधरी देवीलाल चौक, ममेरा चौक और तलवाड़ा चौक पर स्थायी रूप से ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए। आड़े-तिरछे खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, टिब्बी चौराहे से तलवाड़ा रोड नहर तक सड़क का पुनर्निर्माण कर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा अतिक्रमण के खिलाफ नियमित और प्रभावी अभियान चलाया जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अब समय आ गया है कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग गंभीरता से हस्तक्षेप कर ऐलनाबाद को ट्रैफिक जाम, अतिक्रमण और जलभराव जैसी समस्याओं से स्थायी राहत दिलाएं।
