राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित डॉ. तृप्ति माहौर ने उपमुख्यमंत्री को भेंट की अपनी पुस्तक “राष्ट्रपुत्र मोदी”, पुस्तक का विमोचन भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष ने किया

रामपुर, राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार–2021 से सम्मानित, राज्य आईसीटी पुरस्कार प्राप्त, राष्ट्रीय मेंटर तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, किला, रामपुर में कार्यरत शिक्षिका डॉ. तृप्ति माहौर ने लखनऊ स्थित 7, कालिदास मार्ग पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट कर अपनी स्वरचित पुस्तक “राष्ट्रपुत्र मोदी : परिवार भाव से विकसित भारत की ओर” सादर भेंट की। उल्लेखनीय है कि इस पुस्तक का विमोचन भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव द्वारा किया गया।

इस अवसर पर डॉ. माहौर ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव को पुस्तक की विषयवस्तु एवं इसके लेखन की प्रेरणा के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह पुस्तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “राष्ट्र प्रथम” तथा “देश ही परिवार है” के भाव को केंद्र में रखकर लिखी गई है। पुस्तक में राष्ट्र निर्माण, जनकल्याणकारी योजनाओं, सांस्कृतिक पुनर्जागरण, आत्मनिर्भर भारत तथा विकसित भारत के संकल्प को प्रेरणादायी शैली में प्रस्तुत किया गया है। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध, सकारात्मक चिंतन एवं जनभागीदारी की भावना को सशक्त बनाना है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पुस्तक को रुचिपूर्वक स्वीकार करते हुए डॉ. तृप्ति माहौर के शैक्षिक, साहित्यिक एवं सामाजिक योगदान की सराहना की। वहीं भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव ने भी पुस्तक के विमोचन के अवसर पर उनके लेखन कार्य की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी समाज एवं राष्ट्रहित में ऐसे ही सृजनात्मक कार्य करते रहने के लिए शुभकामनाएँ दीं।

डॉ. तृप्ति माहौर ने कहा कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव जैसे वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों का स्नेह और प्रोत्साहन उनके लिए अत्यंत सम्मान और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी, उत्तरदायित्व और सामूहिक संकल्प से ही संभव है। उनकी पुस्तक “राष्ट्रपुत्र मोदी : परिवार भाव से विकसित भारत की ओर” प्रत्येक भारतीय को राष्ट्र को अपना परिवार मानते हुए “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ देश की विकास यात्रा में सहभागी बनने तथा राष्ट्र निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान देने की प्रेरणा प्रदान करती है।

इसी में डॉ. तृप्ति माहौर ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक प्रताप सिंह बघेल को भी अपनी पुस्तक “राष्ट्रपुत्र मोदी : परिवार भाव से विकसित भारत की ओर” की प्रति भेंट कर उनका मार्गदर्शन एवं शुभकामनाएँ प्राप्त कीं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.