रामपुर: बैंक डकैती मामले में 4 दोषियों को 10-10 साल की सजा, ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत कोर्ट का बड़ा फैसला
पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ अभियान के तहत रामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2013 के बैंक ऑफ बड़ौदा लूटकांड में प्रभावी पैरवी के बाद न्यायालय ने चार अभियुक्तों को 10-10 वर्ष के कठोर कारावास और 30-30 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है।
यह मामला 4 जुलाई 2013 का है, जब थाना बिलासपुर में मु0अ0सं0-157/13 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 395, 397 और 412 में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से बैंक ऑफ बड़ौदा से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, 3.80 लाख रुपये तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की थी।
मामले में दोषी ठहराए गए अभियुक्तों में विपिन कुमार, राहुल कुमार, बॉबी और गोरख उर्फ पर्वत शामिल हैं। स्थानीय पुलिस और मॉनिटरिंग सेल ने न्यायालय में सशक्त एवं प्रभावी पैरवी करते हुए अभियोजन की कार्यवाही को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया।
प्रकरण की सुनवाई एडीजे (एफटीसी-2) न्यायालय में हुई, जहां सभी चार अभियुक्तों को दोषी करार देते हुए 10-10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई। इसके साथ ही प्रत्येक अभियुक्त पर 30,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
रामपुर पुलिस ने इसे ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी विवेचना और मजबूत पैरवी का महत्वपूर्ण परिणाम बताया है। अभियान का उद्देश्य गंभीर अपराधों में दोषियों को शीघ्र सजा दिलाकर कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।
