राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में यूपी का नेतृत्व करेंगे रामपुर के सोनू यादव, 6 अगस्त को दिल्ली होंगे रवाना

 रामपुर के अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी सोनू यादव 6 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने की अपील की।

रामपुर। बादली टांडा कराटे एसोसिएशन के कराटे चैंपियन सोनू यादव आगामी 6 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुके सोनू यादव के चयन से रामपुर जिले में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों और नगरवासियों ने उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

सोनू यादव ने बताया कि उनकी टीम 6 अगस्त को नई दिल्ली के लिए रवाना होगी। प्रतियोगिता का आयोजन 7 अगस्त से 9 अगस्त तक किया जाएगा, जिसमें देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। युवाओं को खेलों के प्रति रुचि विकसित करनी चाहिए और नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेना चाहिए।

कराटे चैंपियन सोनू यादव ने रामपुर के युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ और सफल जीवन के लिए खेलों को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास करते हैं, बल्कि अनुशासन और राष्ट्र के लिए गौरव हासिल करने का भी अवसर प्रदान करते हैं।

सोनू यादव के राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने पर खेल प्रेमियों ने उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह एक बार फिर राज्य और जिले का नाम रोशन करेंगे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.