Ellenabad, July 31 ( एम पी भार्गव): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा हरा-भरा सिरसा 2.0 एवं मैसिव प्लांटेशन ड्राइव अभियान के तहत जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीश जिंदिया, अन्य न्यायधीशों तथा जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने संयुक्त रूप से फलदार एवं छायादार पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संतोष बागोतिया ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा हरा-भरा सिरसा 2.0 और मैसिव प्लांटेशन ड्राइव के तहत जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए, ताकि प्रदूषण कम हो तथा वातावरण में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ सके।
उन्होंने कहा कि इन अभियानों के तहत आगामी दिनों में भी जिले के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील करते हुए कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है, तभी इन अभियानों का उद्देश्य सफल हो सकेगा।
