Rampur: महिला जनसुनवाई में 26 मामलों की सुनवाई, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
पात्र महिलाओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के दिए निर्देश
रामपुर: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या सुनीता सैनी ने तहसील स्वार सभागार में आयोजित महिला जनसुनवाई में महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कुछ संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि महिला उत्पीड़न एवं अन्य शिकायतों से जुड़े प्रकरणों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने पीड़ित महिलाओं द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों के संबंध में विभागीय अधिकारियों एवं थाना प्रभारी से विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सदस्या ने कहा कि महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा तथा उन्हें शीघ्र न्याय दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। महिला जनसुनवाई में कुल 26 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।
इनमें पेंशन, राशन कार्ड में नाम दर्ज कराने, भूमि विवाद, घरेलू हिंसा, आवास तथा अन्य समस्याओं से संबंधित प्रकरण प्रमुख रहे। सदस्या ने सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।
इसके लिए संबंधित विभागों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र महिलाओं को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान सदस्या सुनीता सैनी ने गर्भवती माताओं की गोद भराई तथा शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी ईरा आर्या, थाना प्रभारी रामपुर कल्पना देव आनंद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
