रोजगार मेले में 27 युवाओं को मिली नौकरी की सौगात
• निजी क्षेत्र की तीन कंपनियों ने किया साक्षात्कार, 49 अभ्यर्थियों में से 27 को दिए गए जॉब ऑफर• युवाओं को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण की सलाह, अगले माह तहसील स्तर के डिग्री कॉलेजों में भी लगेंगे मेले
रामपुर: उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन योजना के तहत जनपद के बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की कवायद रंग ला रही है। सेवायोजन विभाग की ओर से पुरानी तहसील स्थित सेवायोजन कार्यालय परिसर में आयोजित एक दिवसीय रोजगार मेले में युवाओं को उनके सपनों की उड़ान मिली। मेले में कुल 49 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से अपनी प्रतिभा और कौशल के दम पर 27 युवाओं ने मौके पर ही जॉब ऑफर हासिल किए। निजी क्षेत्र की तीन प्रमुख कंपनियों ने साक्षात्कार के जरिए युवाओं की योग्यता को परखा और उन्हें शानदार रोजगार के अवसर प्रदान किए।
कंपनियों की बंपर भर्ती और पदों का विवरण
प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी जमीर हुसैन खां ने बताया कि मेले में निजी क्षेत्र की तीन कंपनियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। साक्षात्कार के बाद पुखराज हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड (रामपुर) ने सेल्स एडवाइजर के पद पर 3 अभ्यर्थियों का चयन किया। वहीं, चेकमेट इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी गार्ड प्राइवेट लिमिटेड (नोएडा) ने गाजियाबाद, हापुड़, अमरोहा व नोएडा क्षेत्र के लिए सिक्योरिटी गार्ड के पद पर 9 अभ्यर्थियों को चुना। इसके अलावा शिवशक्ति एग्रीटेक लिमिटेड (बरेली) ने सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर 15 अभ्यर्थियों का सफलतापूर्वक चयन कर उन्हें जॉब ऑफर प्रदान किया।
हुनर को तराशने और पंजीकरण पर जोर
रोजगार मेले के दौरान वरिष्ठ सहायक राजीव यादव द्वारा बेरोजगार अभ्यर्थियों की प्री-करियर काउंसलिंग की गई। उन्होंने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए सुझाव दिया कि वे ‘रोजगार संगम पोर्टल’ पर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं, जिससे उन्हें रोजगार के अवसरों की निरंतर जानकारी मिलती रहे। युवाओं को प्रेरित किया गया कि वे अपने अंदर नए कौशल (स्किल) विकसित करें और अपनी रुचि के अनुसार कंपनियों में साक्षात्कार देकर इन अवसरों का तत्काल लाभ उठाएं।
हर माह लगेंगे मेले, अब तहसील स्तर पर भी तैयारी
मेले का विधिवत शुभारंभ जिला सेवायोजन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक राजीव कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं को प्रत्येक माह आयोजित होने वाले रोजगार मेलों की विस्तृत जानकारी दी। विभाग की ओर से यह भी घोषणा की गई कि युवाओं की सुविधा और पहुंच को ध्यान में रखते हुए आगामी माह में किसी भी तहसील स्तर के डिग्री कॉलेज से संपर्क कर वहां भी रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, ताकि ग्रामीण और दूर-दराज के युवाओं को भी मिशन का सीधा लाभ मिल सके।
