नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में जंतर-मंतर पहुंचे अभय सिंह चौटाला, इनेलो ने दिया पूर्ण समर्थन
Ellenabad, ( एम पी भार्गव ): इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पहुंचे, जहां उन्होंने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और युवाओं के मुद्दों को लेकर चल रहे आंदोलन में शामिल होकर प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपिके से भी भेंट कर इनेलो पार्टी की ओर से आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।
इस अवसर पर चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब हरियाणा उठता है तो देश में बदलाव की शुरुआत होती है। आज देश का युवा अपने अधिकारों और बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष कर रहा है, और इनेलो पार्टी इस संघर्ष में पूरी मजबूती के साथ युवाओं के साथ खड़ी है।

उन्होंने कहा कि आज का युवा ही देश का भविष्य है। यदि युवाओं के साथ अन्याय होगा, उनकी मेहनत पर प्रश्नचिह्न लगेगा और भर्ती एवं परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं होगी, तो देश का भविष्य भी प्रभावित होगा। इसलिए युवाओं के अधिकारों की रक्षा करना प्रत्येक जिम्मेदार राजनीतिक दल का कर्तव्य है।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इनेलो हमेशा युवाओं की आवाज़ को बुलंद करती रही है और आगे भी उनके हितों की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक मंच पर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी तन, मन और धन से युवाओं के साथ खड़ी है और उनकी न्यायपूर्ण मांगों का समर्थन करती रहेगी।
उन्होंने सरकार से मांग की कि युवाओं की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाए, परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं।
