मीडिया लोकतंत्र का सजग प्रहरी, निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूत नींव – विश्वास सारंग

भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के 27वें स्थापना दिवस पर राष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न, ‘संवाददाता डायरी’ का हुआ विमोचन

  • वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा

रीवा/भोपाल (म.प्र.)। लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारिता लोकतंत्र का वह सशक्त चौथा स्तंभ है, जो न्यायपालिका, कार्यपालिका और विधायिका के साथ मिलकर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती प्रदान करता है। पत्रकारिता का धर्म निष्पक्ष रहकर समाज की आवाज़ को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है। यह विचार मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के 27वें स्थापना दिवस पर हिन्दी भवन, भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों को विशेष रूप से गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। समाज और शासन दोनों ही पत्रकारों से निष्पक्ष, जिम्मेदार और जागरूक पत्रकारिता की अपेक्षा करते हैं।

सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ द्वारा प्रकाशित ‘संवाददाता डायरी’ का विधिवत विमोचन भी किया गया।

सम्मेलन के दौरान महासंघ की ओर से पत्रकार हितों से जुड़े दस सूत्रीय मांग-पत्र मंत्री विश्वास सारंग को सौंपा गया। उन्होंने मुख्यमंत्री से चर्चा कर मांगों के समाधान का आश्वासन दिया। मांग-पत्र में पत्रकारों को संवैधानिक दर्जा, राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा कानून, अधिमान्यता प्रक्रिया का सरलीकरण, श्रमिक पत्रकारों के भविष्य की सुरक्षा, प्रत्येक जिले में पत्रकार भवन एवं पत्रकार कॉलोनी, छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों को नियमित विज्ञापन, वरिष्ठ पत्रकारों के लिए सम्मान निधि, रेल यात्रा रियायत की पुनर्बहाली, टोल टैक्स में छूट तथा पत्रकारों के विरुद्ध दर्ज मामलों में शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने जैसी प्रमुख मांगें शामिल रहीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश इकाई के प्रांतीय अध्यक्ष पुरुषोत्तम मिश्रा ने की। सम्मेलन को राष्ट्रीय संयोजक डॉ. भगवान प्रसाद उपाध्याय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुधीर सिंह राठौर, राष्ट्रीय महासचिव योगेंद्र कुमार मिश्रा ‘विश्वबंधु’, राष्ट्रीय देशदर्शन प्रकोष्ठ प्रभारी प्रदीप सिंह, राजस्थान प्रभारी कपिल देव शर्मा, दिल्ली समाचार पत्र के उप संपादक आत्माराम त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश इकाई के सतीश मिश्रा (बब्बा) सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकारों एवं पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय सचिव डॉ. मनोज पाठक ने किया। स्वागत भाषण एवं प्रगति प्रतिवेदन प्रांतीय उपाध्यक्ष वी.के. मिश्रा ने प्रस्तुत किया। रीवा संभागीय अध्यक्ष प्रभूनाथ पाण्डेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अतिथियों का स्वागत किया, जबकि महिला विंग की संभागीय अध्यक्ष संगीता पटेल ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

सम्मेलन में देशभर से आए संपादकों, लेखकों, कवियों, साहित्यकारों और पत्रकारों का अंगवस्त्र, सम्मान-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मान किया गया। वरिष्ठ कवि उमाशंकर मनमौजी की काव्य प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर प्रांतीय महासचिव एवं सम्मेलन आयोजक राकेश शर्मा, प्रांतीय मीडिया प्रभारी दिलीप त्रिपाठी, प्रांतीय कोषाध्यक्ष नवीन कुमार तिवारी, राष्ट्रीय प्रभारी घनश्याम दास खरे सहित मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और अन्य राज्यों के बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर प्रांतीय अध्यक्ष पुरुषोत्तम मिश्रा ने घोषणा की कि भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ का अगला प्रांतीय सम्मेलन 23 अगस्त 2026 (रविवार) को मध्यप्रदेश के सतना में राष्ट्रीय संगठन सचिव चुन्नू कुशवाहा के नेतृत्व एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र सतवानी के संयोजन में आयोजित किया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.