- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
रामपुर: उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री बलदेव सिंह औलख के काफिले को शुक्रवार देर रात रामपुर में एक ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना में मंत्री, उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी और अन्य लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मंत्री ने जताई टक्कर मारने की आशंका
कृषि मंत्री बलदेव सिंह औलख ने फोन पर बातचीत में बताया कि उन्हें आशंका है कि ट्रक चालक ने जानबूझकर काफिले को टक्कर मारने का प्रयास किया। उन्होंने यह भी कहा कि चालक की गतिविधियों से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वह संभवतः नशे की हालत में वाहन चला रहा था। हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

रात करीब 11 बजे हुई घटना
जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे रामपुर के थाना गंज क्षेत्र स्थित बिलासपुर गेट के पास हुई। टक्कर मारने वाला ट्रक हरियाणा नंबर का बताया जा रहा है।
सुरक्षाकर्मियों ने चालक को पकड़ा
घटना के तुरंत बाद मंत्री की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने ट्रक चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है।

जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह महज एक हादसा था या फिर जानबूझकर टक्कर मारने की कोशिश की गई। चालक से पूछताछ की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
