- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
रामपुर: भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, रामपुर शाखा की कार्यकारिणी बैठक सभापति अवतार सिंह की अध्यक्षता में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विशेष रूप से डॉ. वी.वी. शर्मा उपस्थित रहे। इस दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने और संगठन के विस्तार को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सोसाइटी के नियमों के अनुरूप जिले की सभी तहसीलों में रेड क्रॉस सोसाइटी की समितियों का गठन किया जाएगा। साथ ही विद्यालयों, औद्योगिक संस्थानों तथा समाज के प्रतिष्ठित और सम्मानित नागरिकों को रेड क्रॉस सोसाइटी की सदस्यता से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इसके अलावा यह भी तय किया गया कि विद्यालयों द्वारा रेड क्रॉस सोसाइटी का अंशदान सीधे सोसाइटी के बैंक खाते में जमा कराया जाएगा, जिससे संगठन की गतिविधियों को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में रेड क्रॉस सोसाइटी, रामपुर शाखा के सभी निदेशक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें नरेंद्र पाल सिंह, डॉ. अब्दुल रऊफ, डॉ. अब्दुल सलाम, हमशाद अली, मौलाना असलम जावेद कासमी, डॉ. नोमान अहमद खान और प्रतीक शर्मा सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। बैठक का समापन समाजसेवा और मानवीय कार्यों को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
