पूर्वोत्तर रेलवे का सख्त एक्शन: विशेष टिकट जांच अभियान में 38 बेटिकट व अनियमित यात्री धराए, ₹23,170 का जुर्माना वसूला

  • रिपोर्ट: पंकज झा

वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे मंडल द्वारा बिना टिकट यात्रा और अनियमित टिकट पर सफर करने वालों के खिलाफ विशेष टिकट जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को चलाए गए सघन अभियान में 38 बेटिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे ₹23,170 का जुर्माना वसूलकर रेलवे राजस्व में जमा कराया गया।

मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह अभियान छपरा, सिवान, मशरख, छपरा कचहरी और दुरौंधा स्टेशनों को आधार बनाकर छपरा कचहरी–मशरख–दुरौंधा रेलखंड पर चलाया गया।

अभियान के दौरान गाड़ी संख्या 55105 छपरा कचहरी–थावे डेमू तथा 15708 अमृतसर–कटिहार आम्रपाली मेल एक्सप्रेस (सिवान–एकमा–छपरा रेलखंड) सहित विभिन्न सवारी एवं मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में टिकटों की गहन जांच की गई।

मुख्य वाणिज्य निरीक्षक प्रणव प्रभाकर एवं मुख्य टिकट निरीक्षक सईद अख्तर के नेतृत्व में पांच टिकट जांच कर्मचारियों तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के दो जवानों की संयुक्त टीम ने अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

अभियान के दौरान संबंधित स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रा टिकट लेने के लिए यात्रियों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं। रेलवे अधिकारियों ने इसे यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत बताया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, रेलवे के नियमों का पालन करें तथा ट्रेनों और रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि बिना टिकट यात्रा करने वालों के विरुद्ध ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.