बिलासपुर के अंबेडकर पार्क में युवक का शव मिलने से सनसनी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खां

यूपी रामपुर के बिलासपुर मे नेशनल हाईवे स्थित अंबेडकर पार्क में गुरुवार देर शाम एक 27 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव अर्द्धनग्न अवस्था में पार्क में लगी जिम मशीनों के पास पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान रवि (27) पुत्र गुरमीत सिंह, निवासी गांव बेगमाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रवि डंपर चालक था। गुरुवार शाम पार्क में घूमने आए लोगों ने जिम क्षेत्र के पास युवक का शव पड़ा देखा तो शोर मचा दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह और कस्बा चौकी प्रभारी योगेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

कुछ देर बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के दोस्त ज्ञान सिंह ने बताया कि रवि डंपर चलाने का काम करता था। वह पार्क में किस कारण आया था और अंडरवियर-बनियान की अवस्था में कैसे पहुंचा, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.