रेलकर्मियों के हित और संरक्षा पर मंथन: वाराणसी मंडल में पी.एन.एम. बैठक में 65 मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

  • पंकज झा…✍️

वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन की अध्यक्षता में रेल प्रशासन और एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस यूनियन के बीच तृतीय स्थायी वार्ता तंत्र (पी.एन.एम.) की बैठक मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित भारतेन्दु सभा कक्ष में आयोजित हुई। बैठक में कर्मचारियों के हित, कार्यस्थल की समस्याओं, संरक्षा, परिचालन दक्षता और रेलवे के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि पी.एन.एम. रेल प्रशासन और कर्मचारी संगठनों के बीच संवाद, समन्वय और विश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, सुरक्षित कार्य वातावरण और कार्य संतुष्टि रेलवे प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कर्मचारी प्रतिनिधियों से जनहित, संरक्षित रेल परिचालन और संगठनात्मक विकास को ध्यान में रखते हुए रचनात्मक सुझाव देने की अपील की।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने कहा कि वाराणसी मंडल कर्मचारियों के कल्याण के लिए लगातार नए कदम उठा रहा है। उन्होंने बताया कि मंडल में पहली बार दिव्यांग रेलकर्मियों को स्कूटी उपलब्ध कराई गई, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया, इन्द्रप्रस्थ एवं काशी हॉलिडे होम का नवीनीकरण कराया गया तथा मंडल कार्यालय की कैंटीन में वातानुकूलन (एसी) सहित अन्य कर्मचारी कल्याण सुविधाओं का विस्तार किया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पी.एन.एम. सहित सभी द्विपक्षीय बैठकों का नियमित आयोजन भविष्य में भी जारी रहेगा।

एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस के केंद्रीय अध्यक्ष अखिलेश पाण्डेय ने कर्मचारियों से जुड़े 65 महत्वपूर्ण मुद्दों को रेल प्रशासन के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। वहीं मंडल मंत्री राकेश पाल ने कार्यभार के अनुरूप कार्यघंटों के पुनर्निर्धारण, ट्रैक मेंटेनरों की सुरक्षा एवं सुविधाओं में वृद्धि, गैंग हट और जीवनरक्षक उपकरणों की उपलब्धता, रेलवे कॉलोनियों के रखरखाव, सामुदायिक केंद्रों के सुदृढ़ीकरण, कार्यालयों एवं चिकित्सालयों में शेडयुक्त वाहन स्टैंड, प्रमुख स्टेशनों पर मनोरंजन कक्ष, पुराने बीओएस के पुनरीक्षण तथा पात्र कर्मचारियों को ओवरटाइम भुगतान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए।

बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, शाखाधिकारी तथा एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस के पदाधिकारी और वाराणसी मंडल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। रेल प्रशासन और कर्मचारी संगठन ने कर्मचारियों के हित, संरक्षा और संगठनात्मक समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने के लिए नियमित संवाद और सहयोग जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.