बदायूं: विश्व प्रसिद्ध खानकाह सैयद अहमद साहब की दरगाह तक जाने वाला मार्ग बदहाल, श्रद्धालुओं ने सड़क निर्माण की उठाई मांग
- रिपोर्ट: इंतज़ार हुसैन
बदायूं। विश्व प्रसिद्ध खानकाह सैयद अहमद साहब बुद्ध वाले की दरगाह तक जाने वाले मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। ब्लूमिंगडेल स्कूल के समीप स्थित इस ऐतिहासिक दरगाह तक पहुंचने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल पड़ी है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि यह दरगाह हजरत निजामुद्दीन औलिया के वालिदेन से जुड़ी आस्था का प्रमुख केंद्र मानी जाती है। यहां देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों की संख्या में अकीदतमंद और श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं के साथ पहुंचते हैं। दरगाह गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल मानी जाती है और हर बुधवार को यहां विशेष रूप से बड़ी संख्या में लोग फूल, अगरबत्ती, चादर और सिन्नी चढ़ाकर अपनी श्रद्धा अर्पित करते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दरगाह तक जाने वाली सड़क की हालत बेहद खराब है। जगह-जगह गड्ढे और टूटी सड़क के कारण श्रद्धालुओं, बुजुर्गों और महिलाओं को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
निवासियों का आरोप है कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि दरगाह तक जाने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग का जल्द से जल्द निर्माण एवं मरम्मत कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और धार्मिक स्थल तक सुरक्षित एवं सुगम पहुंच सुनिश्चित हो सके।
