- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
रामपुर: नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत “हर रविवार – एक घंटा श्रमदान” अभियान के तहत जिला गंगा समिति, रामपुर द्वारा रविवार को कोसी नदी तट पर स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य आमजन को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनसहभागिता के प्रति जागरूक करना था।
अभियान का नेतृत्व जिला परियोजना अधिकारी लव कुमार ने किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, युवाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नदी तट एवं आसपास के क्षेत्र में फैले प्लास्टिक, पॉलिथीन एवं अन्य ठोस अपशिष्ट को एकत्रित कर क्षेत्र की सफाई की। अभियान के दौरान लगभग 50 से 60 किलोग्राम कचरा एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण कराया गया।

स्वयंसेवकों ने लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, एकल-उपयोग प्लास्टिक का प्रयोग कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहयोग देने के लिए प्रेरित किया। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि यदि प्रत्येक नागरिक सप्ताह में केवल एक घंटा श्रमदान करे तो स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
जिला परियोजना अधिकारी लव कुमार ने कहा कि “हर रविवार – एक घंटा श्रमदान” अभियान जनसहभागिता पर आधारित एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छ रामपुर, स्वच्छ गंगा एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
