अजनाला के युवक पलविंदर सिंह की बुल्गारिया में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत
मृतक का पार्थिव शरीर अजनाला पहुंचा, अंतिम संस्कार के दौरान नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
-रोजी-रोटी कमाने विदेश गया था युवक, एक साल पहले ही गया था बुल्गारिया
-पलविंदर सिंह की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
- रिपोर्ट: ललित शर्मा
अमृतसर के अजनाला क्षेत्र से एक और दुखद खबर सामने आई है। रोजी-रोटी कमाने के लिए बुल्गारिया गए युवक पलविंदर सिंह की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे की खबर मिलते ही पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, पलविंदर सिंह करीब एक वर्ष पहले अपने परिवार के बेहतर भविष्य और आर्थिक स्थिति सुधारने के उद्देश्य से विदेश गया था। वह बुल्गारिया में काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह एक बस के पास खड़ा था, तभी अचानक हुए सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार का कहना है कि पलविंदर सिंह घर की आर्थिक जिम्मेदारियों को पूरा करने और परिवार का भविष्य संवारने के लिए विदेश गया था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मृतक का पार्थिव शरीर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अजनाला लाया गया, जहां गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई के दौरान परिजनों, रिश्तेदारों और गांव के लोगों की आंखें नम थीं। हर किसी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
